सतगुरू दर्पण

सच्ची ख़बर… सतगुरू दर्पण | RNI No. UPHIN/2009/30616

करुणा सख्ती निर्देश व्यहारिक शालीनता कर्तव्य परायणता में उलझा रहा संपूर्ण समाधान दिवस, जौनपुर डीएम के अपने तेवर

जौनपुर। शनिवार 16-05-26 को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में तहसील सदर में कलेक्ट्रेट स्थित प्रेक्षागृह में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी के द्वारा आमजनमानस की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए कुछ समस्याओं का निस्तारण मौके पर कराया गया तथा शेष प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को अग्रसारित करते हुए गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए।
इसी समय प्रमोद कुमार निवासी ग्राम पूरेरामजी थाना बक्सा सदर जौनपुर द्वारा प्रार्थना पत्र के माध्यम से अवगत कराया गया कि उनकी जमीन के कुछ गाटा पर पुलिस सुरक्षा में निर्माण कार्य सुनिश्चित करने हेतु प्रार्थना पत्र दिया गया था किंतु राजस्व टीम का गठन होने के पश्चात भी समस्या के निस्तारण में विलंब किया जा रहा है, जिस पर संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने राजस्व निरीक्षक को 2 दिन में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
इसी क्रम में श्रीमती इशरत निवासिनी धन्नोपुर शंकरमंडी द्वारा विद्युत भुगतान कर दिए जाने के पश्चात भी विभाग द्वारा एनओसी न दिए जाने के संदर्भ में शिकायत की गई जिस पर जिलाधिकारी द्वारा एक्सईएन हाइडल के प्रति कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए तत्काल निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। आगे के क्रम में जमीन विवाद, खतौनी, विद्युत सहित अन्य मामले के प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिसको संबंधित विभाग के अधिकारियों को अग्रसारित करते हुए निस्तारण के निर्देश दिए गए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के पश्चात जिलाधिकारी द्वारा शासन की प्राथमिकताओं, जनसुनवाई, कार्यालय व्यवस्था एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में समस्त अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रत्येक कार्यालय में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध रहें तथा साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय एवं बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी समय से कार्यालय पहुंचे तथा अनुशासन एवं समयबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
उन्होंने जनसुनवाई को अत्यंत गंभीरता से संचालित करने के निर्देश देते हुए कहा कि समस्त विभागाध्यक्ष प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक प्रभावी रूप से अपने अपने कार्यालयो में जनसुनवाई करें तथा आम जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनते हुए उनका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जनसुनवाई, आईजीआरएस एवं सीएम हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों को किसी भी दशा में लंबित न रखा जाए तथा शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि कार्यालयों में अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने दी जाए तथा आगंतुकों एवं फरियादियों के साथ शालीन व्यवहार किया जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि जनसामान्य को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए और उनकी समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान किया जाए।
जिलाधिकारी ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन अपने विभागीय कार्यों की समीक्षा करें तथा लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करें। उन्होंने कहा कि कार्यालयों में रिकॉर्ड एवं अभिलेख सुव्यवस्थित रखे जाएं तथा कार्यों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। विभागीय कार्यों में बेहतर समन्वय स्थापित कर शासन की मंशानुरूप कार्य किए जाएं। उन्होंने खराब पड़े उपकरणों एवं व्यवस्थाओं को तत्काल ठीक कराने के निर्देश देते हुए कहा कि कार्यालयों पर सीसीटीवी कैमरे क्रियाशील रखे जाएं तथा सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ बनाई जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाए तथा आमजन को योजनाओं की समुचित जानकारी उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की शिथिलता अथवा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जाएगी।
इस दौरान जिलाधिकारी ने भीषण गर्मी के दृष्टिगत सभी से अपील किया कि अपने-अपने घरों पर पक्षियों के लिए दाना और पानी अवश्य रखें। इसी क्रम में अन्य तहसीलों में भी संपूर्ण समाधान दिवस का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।