जौनपुर।27-05-26 को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में नगर निकायों में विभिन्न योजनाओं की प्रगति, वेंडिंग जोन तथा साफ-सफाई व्यवस्था के संबंध में समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने नगर निकायों में संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए। उन्होंने नगर क्षेत्रों में साफ-सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि विशेष अभियान चलाकर नालों की सफाई कराई जाए तथा सफाई के दौरान निकलने वाले अवशेषों का उचित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही डेंगू एवं मलेरिया की रोकथाम के दृष्टिगत नियमित फॉगिंग हेतु अभियान चलाने के निर्देश भी दिए।
➡️जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए अतिरिक्त पंपिंग सेट की व्यवस्था पूर्व में ही सुनिश्चित कर ली जाए। उन्होंने स्ट्रीट वेंडरों को व्यवस्थित करने तथा शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त किए जाने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त ट्रैफिक जागरूकता अभियान चलाकर आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया गया। उन्होंने ई-रिक्शा संचालन को व्यवस्थित एवं नियंत्रित ढंग से संचालित कराने पर बल देते हुए कहा कि नागरिक सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए तथा किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं होनी चाहिए। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि अधिशासी अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर निरीक्षण करें। जहां कहीं निर्माण अथवा अन्य कार्य संचालित हो रहे हों, वहां धूल-मिट्टी न उड़े इसके लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
➡️जिलाधिकारी ने नगर पालिका द्वारा संचालित विद्यालयों की वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त की तथा निर्देश दिया कि विद्यालयों को सुव्यवस्थित एवं बेहतर ढंग से संचालित किया जाए, जिससे गुणवत्तापूर्ण पठन-पाठन सुनिश्चित हो सके। बैठक में बकरीद पर्व के दृष्टिगत जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि कुर्बानी निर्धारित स्थानों पर ही की जाए तथा कोई नई परंपरा प्रारंभ नहीं की जाएगी। कुर्बानी के अवशेषों का उचित निस्तारण सुनिश्चित कराया जाए।
➡️जिलाधिकारी ने गोशालाओं में हरे चारे, चुनी एवं चोकर आदि की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी दिए। इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि ट्रांसफार्मरों के पास कूड़ा अथवा पुराने सामान न फेंकने के संबंध में जागरूकता हेतु बैनर लगाए जाएं। उन्होंने कहा कि नगर निकायों को राजस्व के नए स्रोत विकसित करने की दिशा में कार्य करना चाहिए।
समीक्षा बैठक में डीएम ने अपने मातहतों को दिया बहुतों निर्देश,अधिकारीयों को बात पर खरा उतरने की दरकार,बकरीद पर्व पर विशेष साफ- सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित किया जाय







