सतगुरू दर्पण

सच्ची ख़बर… सतगुरू दर्पण | RNI No. UPHIN/2009/30616

मोहम्मद हसन क्रिकेट एकेडमी बना विजेता, सुमित यादव की दमदार पारी,मैन ऑफ द मैच चुना गया

जौनपुर के होनहार खिलाड़ियों ने एक बार फिर जिले का नाम रोशन किया। वाराणसी के चोलापुर शिवपुर स्थित हरिनाथ क्रिकेट एकेडमी में आयोजित अंडर-13 क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में मोहम्मद हसन क्रिकेट एकेडमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ट्रॉफी अपने नाम कर ली। मुकाबले में विरोधी टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 16 ओवर में 165 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा, लेकिन मोहम्मद हसन क्रिकेट एकेडमी के खिलाड़ियों ने आत्मविश्वास, संयम और बेहतरीन टीम भावना का परिचय देते हुए 17.3 ओवर में लक्ष्य हासिल कर ऐतिहासिक जीत दर्ज की। टीम की ओर से सुमित यादव ने 40 गेंदों में 60 रनों की दमदार और आकर्षक पारी खेली, जिसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। उनकी बल्लेबाजी ने दर्शकों और खेल प्रेमियों को खूब प्रभावित किया। टीम के अन्य खिलाड़ियों ने भी शानदार गेंदबाजी, फील्डिंग और अनुशासित खेल का प्रदर्शन करते हुए जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस शानदार जीत के बाद खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अभिभावकों में खुशी की लहर दौड़ गई तथा पूरे मैदान में उत्साह का माहौल बन गया। इस उपलब्धि पर महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. अब्दुल कादिर ने खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि खेलकूद विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है और अनुशासन, कठिन परिश्रम व निरंतर अभ्यास से खिलाड़ी भविष्य में जिले, प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकते हैं। इस अवसर पर क्रिकेट कोच मोहम्मद शफीक किरमानी भी मौजूद रहे। उन्होंने खिलाड़ियों की मेहनत, खेल भावना और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि यदि इसी तरह अभ्यास जारी रहा तो यह टीम आने वाले समय में नई ऊंचाइयों को छू सकती है और कई खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।