सतगुरू दर्पण

सच्ची ख़बर… सतगुरू दर्पण | RNI No. UPHIN/2009/30616

होमगार्ड भर्ती परीक्षा सकुशल संपन्न कराने के लिए जौनपुर जिला प्रशासन सजग,गर्मी से राहत के इन्तजाम, चिकित्सा महकमा की रहेगी मुस्तैदी

होमगार्ड भर्ती परीक्षा-2025: जिलाधिकारी के सख्त निर्देश, केंद्रों पर पेयजल व स्वास्थ्य सुविधाएं अनिवार्य
जौनपुर : होमगार्ड भर्ती परीक्षा-2025 को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने कड़े निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी तथा सभी केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया है कि 25, 26 और 27 अप्रैल को आयोजित परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
यह परीक्षा जनपद के 19 केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली पूर्वाह्न 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक संचालित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि वर्तमान में भीषण गर्मी को देखते हुए सुबह 8 बजे से ही धूप तेज हो जाती है, जिससे दूर-दराज से आने वाले परीक्षार्थियों को परेशानी हो सकती है। ऐसे में सभी परीक्षा केंद्रों पर शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था अनिवार्य रूप से की जाए। साथ ही ओआरएस/इलेक्ट्रॉल पाउडर एवं आवश्यक जीवन रक्षक दवाओं की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।
उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए कि मानवता के दृष्टिकोण से परीक्षार्थियों के लिए गुड़, पेठा जैसी राहत सामग्री की भी व्यवस्था की जाए। वहीं मुख्य चिकित्साधिकारी को प्रत्येक केंद्र पर स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि इन व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी केंद्रों पर व्यवस्थाएं समय से पूर्ण होनी चाहिए, जिससे परीक्षार्थियों को भीषण गर्मी से राहत मिल सके।