मड़ियाहूं के जमालापुर में खुला पहला AI सेंटर, ग्रामीण युवाओं को मिलेगा नि:शुल्क कंप्यूटर व AI प्रशिक्षण
डॉ. अनीत सिंह ने किया उद्घाटन, भुआल सिंह फाउंडेशन और NIIT फाउंडेशन का संयुक्त प्रयास
मड़ियाहूं/जौनपुर। ग्रामीण युवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और उन्हें रोजगार के नए अवसरों के लिए तैयार करने के उद्देश्य से मड़ियाहूं क्षेत्र के जमालापुर में अत्याधुनिक AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) सेंटर की शुरुआत की गई। भुआल सिंह फाउंडेशन और NIIT फाउंडेशन के संयुक्त प्रयास से स्थापित इस सेंटर का उद्घाटन भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता डॉ. अनीत सिंह ने फीता काटकर किया।
इस सेंटर में क्षेत्र के युवाओं को नि:शुल्क कंप्यूटर शिक्षा, आधुनिक डिजिटल टूल्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की ट्रेनिंग उपलब्ध कराई जाएगी।
उद्घाटन के दौरान डॉ. अनीत सिंह ने कहा कि आधुनिक तकनीक अब केवल दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु जैसे बड़े शहरों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। गांवों और कस्बों के युवाओं को भी आधुनिक तकनीक सीखने का अवसर मिलना चाहिए, ताकि वे देश और दुनिया के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ सकें।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के कई युवाओं को रोजगार के लिए अपने घर-परिवार से दूर बड़े शहरों का रुख करना पड़ता है। ऐसे में जमालापुर में शुरू किया गया यह नि:शुल्क AI सेंटर युवाओं को आधुनिक डिजिटल शिक्षा और तकनीकी प्रशिक्षण देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो सकता है।
डॉ. अनीत सिंह ने स्थानीय युवाओं और अभिभावकों से अपील की कि वे इस सेंटर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और बच्चों को आधुनिक तकनीक की शिक्षा से जोड़ें। उन्होंने कहा कि सही मार्गदर्शन और प्रशिक्षण मिलने पर ग्रामीण क्षेत्र के युवा भी डिजिटल दुनिया में अपनी मजबूत पहचान बना सकते हैं।
संस्थान के प्रतिनिधियों ने बताया कि सेंटर में युवाओं को कंप्यूटर साक्षरता, डिजिटल टूल्स और AI से संबंधित आधुनिक प्रशिक्षण नि:शुल्क दिया जाएगा, जिससे वे डिजिटल अर्थव्यवस्था और रोजगार के नए अवसरों से जुड़ सकें।
इस अवसर पर NIIT फाउंडेशन की टीम, भुआल सिंह फाउंडेशन के सदस्य, क्षेत्र के गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में स्थानीय युवा मौजूद रहे।
भुवाल सिंह फाउंडेशन की सराहनीय पहल,डिजिटल की दुनिया में मड़ियाहूं की अब होगी मजबूत पकड़,युवाओं को तकनीकी ज्ञान के साथ मिलेगा रोजगार,डा.अनित सिंह कांग्रेस प्रवक्ता










